हरेला पर्व पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोटद्वार

विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में उद्यान विभाग द्वारा आयोजित हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर उद्यान विभाग द्वारा संचालित ग्राफ्टिंग (कलमबंदी) कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्षों के उन्नत पौधे तैयार किए जा रहे हैं, जिससे किसानों और बागवानों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध होंगे तथा उद्यानिकी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उद्यान विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे स्थानीय स्वरोजगार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में पार्षद जे.पी. ध्यानी, कुंज बिहारी भट्ट, अरविंद शर्मा, डॉ. प्रशांत राठौर, अंकिता भट्ट सहित उद्यान विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *