दिल्ली में 2 चेहरों की मुलाकात… लेकिन सियासी चर्चा क्यों ??

नई दिल्ली। दिल्ली में हुई एक मुलाकात ने उत्तराखंड के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में अभिनेत्री, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. आरुषि निशंक और गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की मुलाकात हुई। मुलाकात भले ही शिष्टाचार भेंट के तौर पर सामने आई हो, लेकिन इसके सियासी मायने तलाशे जाने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, डॉ. आरुषि निशंक ने अनिल बलूनी को लगातार दूसरी बार भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों, प्रदेश के विकास, सामाजिक सरोकारों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी चर्चा हुई।

दरअसल, उत्तराखंड की राजनीति में आने वाले समय यानी 2027 विधानसभा चुनाव नज़दीक है और राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। ऐसे में प्रदेश से जुड़े दो प्रमुख चेहरों की दिल्ली में मुलाकात ने चर्चाओं को और हवा दे दी है। आरुषि निशंक की सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सक्रियता और अनिल बलूनी की राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका को देखते हुए इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

हालांकि, अभी तक दोनों की ओर से किसी नए राजनीतिक समीकरण, रणनीति या भविष्य की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक संकेत सामने नहीं आया है। इसलिए इसे फिलहाल शिष्टाचार मुलाकात ही माना जा रहा है।

लेकिन सियासत में मुलाकातें सिर्फ मुलाकातें नहीं होतीं… और जब मुलाकात दिल्ली में हो, तो सवाल उठना लाजिमी है—क्या यह सिर्फ बधाई देने की मुलाकात थी, या उत्तराखंड की आने वाली सियासत को लेकर किसी बड़े संवाद की शुरुआत?

फिलहाल जवाब साफ नहीं है, लेकिन इस मुलाकात ने उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जरूर शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *